जनवरी की ठंड में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली बर्फीली हवाओं से जूझ रही है. बर्फीली हवाएं गलन पैदा कर रही हैं. मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो-तीन दिन हालात इससे भी बदतर हो सकते हैं. मौसम विभाग ने पारा अभी और गिरने की संभावना जताई है. दिल्ली ठंड से बेहाल है तो वहीं राजस्थान से लेकर हिमाचल तक पारा माइनस में पहुंच गया है. हालात ये हैं कि नदी-नाले-झरने सब जम गए हैं. राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में नलों से आने वाला पानी भी जम गया है.
हिन्द न्यूज | मोसम | 13 जनवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली

IMD के मुताबिक, उत्तर भारत में अभी अगले 2-3 दिन ठंड और बढ़ेगी. 15 जनवरी के बाद बर्फ और बारिश दोनों मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, 15 जनवरी के बाद नए पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की ओर बढ़ने की संभावना है. जिसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में बर्फबारी होगी जबकि राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और आस-पास के इलाकों में पाला पड़ेगा. बता दें कि दिल्लीवालों को लगातार दूसरे दिन तीन डिग्री तापमान का टॉर्चर झेलना पड़ा है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 जनवरी के बाद पहाड़ों पर बर्फबारी का दूसरा दौर शुरू होने वाला है. वहीं, उत्तर भारत में बारिश से ठिठुरन ओर बढ़ सकती है. राजस्थान के जैसलमेर में न्यूनतम पारा दो डिग्री के करीब पहुंच गया है. हालात ऐसे हैं कि गाड़ियों से लेकर पेड़ पौधों तक पर रात में गिर रहा पाला बर्फ में तब्दील हो गया है.

