Dhurandhar Song : फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘फासला’ (Fa9la) के सिंगर को बड़ी कामयाबी मिली है। उनके गाने ‘फासला’ ने ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में जगह बना ली है।
हिन्द न्यूज | बॉलीवुड | 31 जनवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली
बहरीन के रैपर फ्लिपराची के गाने ‘फासला’ (Fa9la) ने एक रिकॉर्ड बनाया है। ‘धुरंधर’ फिल्म के इस गाने ने आधिकारिक तौर से ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में जगह बना ली है। रैपर ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके दी है।
‘फासला’ ने बनाया रिकॉर्ड
फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना ‘फासला’ (Fa9la) पहले ही भारत में काफी मशहूर है। इसने रैपर फ्लिपराची को भारत में रातोंरात स्टार बना दिया। जब यह गाना आया था तब, हर शख्स की जबान पर यही गाना था। अब इस गाने ने बिलबोर्ड अरबिया चार्ट्स में सबसे लंबे समय तक टॉप पर रहने का रिकॉर्ड बनाया है।
रैपर का रिएक्शन
‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में नाम आने पर फ्लिपराची काफी खुश हैं। उन्होंने इस पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, हबीबी! यह बहुत अच्छा एहसास है। यह गाना उस भाषा (हिंदी) में मशहूर हुआ, जिसमें इसे गाया नहीं गया। मुझे बताया गया कि गाना चार अलग-अलग चार्ट्रस में टॉप पर है।’ 
टॉप पर पहुंचा Fa9la
ख्याल रहे कि Fa9la गाना बिलबोर्ड अरबिया की तरफ से बनाए गए चार्ट्स ‘टॉप 100 आर्टिस्ट’, ‘हॉट 100 गाने’, ‘टॉप 50 खलीजी’ और ‘टॉप 50 अरेबिक हिप हॉप’ में टॉप पर पहुंच गया। भारत में ये गाना कई प्लेटफॉर्म्स पर टॉप पर रहा। इस गाने के रिलीज होने के बाद यह काफी मशहूर हुआ। कई लोगों ने इस पर रील्स बनाईं।
कब रिलीज हुई ‘धुरंधर’?
रणवीर सिंह की अदाकारी वाली फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2026 को रिलीज हुई थी। इसमें रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे कलाकार हैं। इस फिल्म ने भारत में 836 करोड़ रुपये कमाए हैं।

