Lohri Celebration in Gurudwara: भारत के गुरूद्वारे में अगर आप लोहरी मनाने का सोच रहे हैं, तो कुछ जगह हैं जहां आप जा सकते हैं। यहां आकर सेवा और लंगर दोनों का मजा ले सकते हैं। परिवार के साथ शांति और सुकून के साथ बैठने का यहां अलग ही मजा है।
हिन्द न्यूज | भारत | 13 जनवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली

लोहड़ी हर साल 13 जनवरी को मनाई जाती है और यह उत्तर भारत, खासकर पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश का प्रमुख त्योहार है। इस दिन सिख समुदाय के लोग बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ लोहड़ी मनाते हैं। लोग सुबह-सुबह गुरुद्वारों में जाकर माथा टेकते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
लोहड़ी के मौके पर देशभर के गुरुद्वारों में रौनक देखने को मिलती है। यहां कीर्तन, सेवा और गुरु का लंगर आयोजित किया जाता है, जिसमें हर कोई बिना भेदभाव के शामिल होता है। परिवार और दोस्तों के साथ गुरुद्वारे जाकर इस पर्व को मनाने का अलग ही आनंद होता है। लोहड़ी के दिन कुछ प्रमुख गुरुद्वारे ऐसे हैं, जहां जाकर त्योहार का एक्सपीरियंस और भी खास बन जाता है। चलिए जानते हैं उन गुरुद्वारों के बारे में जहां लंगर और सेवा सुविधाएं दोनों आपको मिल सकती हैं।

पंजाब के अमृतसर में स्थित हरमंदिर साहिब, जिसे स्वर्ण मंदिर भी कहा जाता है, सिख धर्म का सबसे पवित्र तीर्थ स्थल है। लोहड़ी के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की खास भीड़ देखने को मिलती है। इस दिन विशेष कीर्तन, अरदास और गुरु का लंगर आयोजित किया जाता है। स्वर्ण मंदिर का शांत और पवित्र वातावरण मन को सुकून देता है। लोहड़ी पर यहां खास दीवान सजते हैं, जहां सेवा में शामिल होकर श्रद्धालु आत्मिक शांति का एक्सपीरियंस लेते हैं।
गुरुद्वारा बंगला साहिब, नई दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली में स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब अपनी सुंदरता और सेवा भावना के लिए जाना जाता है। लोहड़ी के दिन यहां खास सजावट की जाती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लोग सेवा करते हैं और गुरु के लंगर में शामिल होते हैं। यहां का सरोवर और मधुर कीर्तन मन को गहरी शांति और सुकून देता है।
पटना साहिब, बिहार

अगर आप बिहार के पटना जिले में रहते हैं तो लोहड़ी के मौके पर पटना साहिब गुरुद्वारा जा सकते हैं। यह गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान है और सिखों के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। लोहड़ी के दिन यहां कीर्तन, अरदास और लंगर का विशेष आयोजन होता है।
हेमकुंड साहिब, उत्तराखंड

उत्तराखंड की पहाड़ियों में स्थित हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक शांति के लिए जाना जाता है। अगर आप उत्तराखंड घूमने गए हैं या वहीं रहते हैं, तो चमोली जिले में इस पवित्र स्थल के दर्शन जरूर करें। सर्दियों में हेमकुंड साहिब बर्फ से ढका रहता है, लेकिन आसपास के गुरुद्वारों में लोहड़ी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

