हिन्द न्यूज | मोसम | 13 जनवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गंभीर कोल्ड वेव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है। 15 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
बठिंडा में सबसे कम तापमान रहा
पिछले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति रही। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाला पड़ने की भी पुष्टि हुई है। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस पंजाब के बठिंडा में दर्ज किया गया।
MP में मंगलवार से बढ़ेगी ठंड
मध्य प्रदेश में मंगलवार को 10 से अधिक जिलों में ठंड मुश्किलें बढ़ाने वाली है। सतना, शहडोल, राजगढ़, सीधी, खजुराहो, दतिया, ग्वालियर और रतलाम में सुबह के समय कोल्ड वेव रहेगी। शिवपुरी, रीवा और पंचमढ़ी में मौसम विभाग ने घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। भोपाल में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी को अधिकांश शहरों में कोल्ड वेव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, आजमगढ़, मैनपुरी, आगरा, मथुरा, टुंडला, मुजफ्फरनगर और गौतमबुद्ध नगर में शीतलहर की संभावना है। सुबह के समय हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। लखनऊ में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
15 जनवरी के बाद उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पंजाब में भी 17–18 जनवरी के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक यात्रा से बचने और कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों को पाला और कम तापमान से फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने के लिए कहा है।

