हिन्द न्यूज | दुर्घटना | 31 जनवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली

Breaking News: पूर्वी कांगो में कोल्टन खदान धंसने से इस हफ्ते बड़ा हादसा (Mine Collapse) हुआ, जिसमें कम से कम 227 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के पूर्वी हिस्से में स्थित रुबाया कोल्टन खदान (Rubaya coltan mine) में हुआ. प्रांतीय प्रशासन से जुड़े एक प्रवक्ता ने बताया कि इस भूस्खलन में 200 से ज्यादा लोग मारे गए, जिनमें खनिक, बच्चे और बाजार में काम करने वाली महिलाएं शामिल थीं.
खदान के अंदर थे लोग, अचानक धंस गई जमीन
प्रवक्ता के मुताबिक कुछ लोगों को समय रहते बचा लिया गया लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि इस समय इलाके में बारिश का मौसम चल रहा है. जमीन कमजोर हो गई थी और जब लोग खदान के अंदर गड्ढे में थे तब जमीन अचानक धंस गई.
सर्च ऑपरेशन अब भी जारी
यह घटना बुधवार को हुई थी. शुक्रवार शाम तक मौतों का सटीक आंकड़ा साफ नहीं हो पाया था. हालांकि गवर्नर के एक सलाहकार के मुताबिक अब तक कम से कम 227 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. उन्होंने यह जानकारी गुमनाम रहने की शर्त पर दी. यह खदान नॉर्थ किवु प्रांत की राजधानी गोमा शहर से करीब 60 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है. अधिकारियों के मुताबिक कुछ शव बरामद कर लिए गए हैं और अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है.
रुबाया खदान दुनिया के करीब 15 फीसदी कोल्टन (Coltan) उत्पादन के लिए जिम्मेदार है. कोल्टन से टैंटलम बनाया जाता है, जो गर्मी सहने वाली मेटल है और इसका इस्तेमाल मोबाइल फोन, कंप्यूटर, एयरोस्पेस पार्ट्स और गैस टर्बाइन में किया जाता है. इस खदान में स्थानीय मजदूर कुछ डॉलर रोजाना की कमाई के लिए हाथ से खुदाई करते हैं. यह साइट 2024 से AFC/M23 विद्रोही समूह के नियंत्रण में है.
अब भी सुरंग में फंसे हो सकते हैं लोग
एक माइनर ने बताया कि कई लोगों के अभी भी खदान के अंदर फंसे होने की आशंका है. उसके मुताबिक पहले बारिश (Heavy Rain Alert) हुई और फिर भूस्खलन (Landslide) हुआ, जिससे कई लोग बह गए. कुछ लोग जिंदा दफन हो गए जबकि कुछ अब भी सुरंगों के अंदर फंसे हो सकते हैं.

