Jaipur News : थार का तांडव कालोनी में आधा घंटे तक रहा, सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर ड्राईवर को तलाश करने का दावा किया है. जबकि स्थनीय लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है.
हिन्द न्यूज | जयपुर | 2 फरवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली

राजस्थान के जयपुर में शनिवार (31 जनवरी 2026) को मानसरोवर थाना क्षेत्र की शिप्रा कालोनी में दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक काले रंग की बेकाबू थार गाड़ी ने आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. जब लोगों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की तो कार से उन्हें रौंदने की नियत से कार दौड़ा दी. जिसमे लोगों ने इधर-उधर कूदकर अपनी जान बचाई. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. पुलिस अभी तक कार चालक तक नहीं पहुंच पाई है.
थार का तांडव कालोनी में आधा घंटे तक रहा, सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर ड्राईवर को तलाश करने का दावा किया है. जबकि स्थनीय लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है. दिन-दहाड़े इस तरह की घटना के बावजूद पुलिस अभी भी कार मालिक और चालक से दूर है.
क्या था पूरा घटनाक्रम ? शहर के मानसरोवर थाना क्षेत्र की शिप्रा कालोनी में एक काली रंग की थार मुख्य सड़क से कालोनी की सड़कों में तेज रफ़्तार से घुसती है. लोगों के मुताबी स्पीड इतनी अधिक थी कि कार ने सड़क के किनारे खड़े कई वाहनों में टक्कर मारी. यही नहीं जब लोगों ने रोकने की कोशिश की तो बैक गियर में भी काफी तेज कार दौड़ाई, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आने से बचे. थार में कई युवक सवार थे. लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो थार सवारों ने लोगों को कुचलने का प्रयास किया.
इस पूरी घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी, लोग सड़कों पर आ गए, और देखते-देखते थार सवार फरार हो गए. घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है.
पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार मालिक और ड्राईवर की पहचान की जा रही है. लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
इस घटना ने शहर में ट्रैफिक पुलिस और पुलिस चेकिंग की पोल खोल दी है. राजधानी जैसे शहर में इस तरह से बेकाबू कार घूम रही है और उस पर कोई अंकुश नहीं है. सीसीटीवी फुटेज के बाद भी कार्रवाई न होना बड़ा सवाल है.

