Home » ताजा खबरें » Jodhpur News: तस्करों की कारस्तानी, मिर्च के अंदर छिपा नशा! मथानिया की हरी मिर्च बनी तस्करी का नया जरिया |

Jodhpur News: तस्करों की कारस्तानी, मिर्च के अंदर छिपा नशा! मथानिया की हरी मिर्च बनी तस्करी का नया जरिया |

जोधपुर से हैदराबाद जा रही एक निजी बस में देशी हरी मिर्च का पार्सल बुक कराया गया था। पार्सल भेजने वाले व्यक्ति ने बताया था कि हैदराबाद में रहने वाले परिचितों के लिए जोधपुर की खास मिर्च भेजी जा रही है।

हिन्द न्यूज | जोधपुर | 2 फरवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली

जोधपुर से सामने आया नशा तस्करी का एक ऐसा चौंकाने वाला तरीका, जिसने पुलिस और जांच एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। देशभर में अपनी खुशबू और तीखेपन के लिए प्रसिद्ध मथानिया और सोयला की हरी मिर्च अब कथित तौर पर ड्रग्स तस्करी का नया जरिया बनती दिख रही है। तस्करों ने नशे की खेप छिपाने का ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को शक तक न हो।

जानकारी के अनुसार जोधपुर से हैदराबाद जा रही एक निजी बस में देशी हरी मिर्च का पार्सल बुक कराया गया था। पार्सल भेजने वाले व्यक्ति ने बताया था कि हैदराबाद में रहने वाले परिचितों के लिए जोधपुर की खास मिर्च भेजी जा रही है। बस निर्धारित मार्ग पर रवाना हो गई लेकिन सफर के दौरान चालक को पार्सल में कुछ संदिग्ध लगने पर शक हुआ। बस स्टाफ ने पार्सल की जांच की तो ऊपर सामान्य हरी मिर्च रखी हुई थी लेकिन नीचे की मिर्चों में अजीब तरह का लंबा चीरा दिखाई दिया। जब एक मिर्च को खोलकर देखा गया तो अंदर सिल्वर फॉइल में लिपटी छोटी-छोटी पुड़िया भरी मिलीं। बताया जा रहा है कि एक मिर्च के भीतर तीन से चार पुड़ियां छिपाई गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि इनमें स्मैक या एमडी जैसे मादक पदार्थ हो सकते हैं।

स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी लेकिन बस अपने गंतव्य तक पहुंच चुकी थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति पार्सल लेकर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मिर्च के अंदर छिपी पुड़ियां साफ दिखाई दे रही हैं।

इस खुलासे के बाद विभिन्न जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। परिवहन साधनों से भेजे जाने वाले खाद्य पार्सलों की निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर कानून से बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में तकनीकी और मानवीय सतर्कता से ही गिरोहों तक पहुंचा जा सकता है।

 

About Editor

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Share Market

शहर चुनें

Follow Us