Rajasthan Breaking News Today Live: राजस्थान में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मुद्दा, राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में बहस और कोहरे का येलो अलर्ट. पढ़ें राजस्थान की हर खबर से जुड़ी लाइव अपडेट्स.
हिन्द न्यूज | राजस्थान | 29 जनवरी 2026 | पोस्टेड बाइ – जाहिद अली
Rajasthan News Live Updates, 29 January 2026: राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की बुधवार (28 जनवरी) को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गरमा गया है. इस मामले में आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने हाई लेवल कमेटी से जांच की मांग की है. साध्वी तब चर्चा में आई थी कि जब पिछले साल एक पुरुष के साथ गले मिलते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था. साध्वी ने इसे ब्लैकमेलिंग और बदनाम करने की साजिश बताते हुए एफआईआर भी दर्ज कराई थी.
गुरुवार (29 जनवरी) को हंगामे के साथ राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई. कांग्रेस राज्यपाल के अभिभाषण पर बीजेपी सरकार को घेरने का मूड में है. राज्यपाल के अभिभाषण पर अगले तीन दिन चर्चा होगी. इस बार बजट सत्र करीब 3 सप्ताह चलने की संभावना है. सत्र में डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट, पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों के चुनावों को लेकर विधेयक पेश हो सकते हैं. इन बिलों पर सदन के हंगामेदार रहने के आसार है. 11 फरवरी को वित्त मंत्री दिया कुमारी बजट पेश करेगी.
मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. अलर्ट के अनुसार सुबह और रात के समय विजिबिलिटी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर और करौली जिलों में कोहरे का असर ज्यादा रहने की संभावना है. इन इलाकों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है.
गहलोत बोले- देर रात तक शराब की बिक्री से अपराध बढ़ेगा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देर रात तक शराब की बिक्री सीधे तौर पर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध असुरक्षा को बढ़ावा देती है. इसी को रोकने के लिए हमने कड़ा फैसला लेकर समय सीमा 8 बजे तय की थी. मुझे आज भी याद है कि इस फैसले का पूरे प्रदेशभर में खासकर माताओं और बहनों ने जोरदार स्वागत किया था.
भाजपा सरकार का शराब बिक्री का समय बढ़ाने का विचार अत्यंत चिंताजनक और जनविरोधी है. नैतिकता और सामाजिक सरोकारों को ताक पर रखकर लिए जाने वाले ऐसे निर्णयों का हम कड़ा विरोध करते हैं. राज्य सरकार को ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए, जो सीधा महिला सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए खतरा बने.
शराब की दुकान खोलने का समय बढ़ाने पर चर्चा
हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रेवेन्यू का नुकसान होने जैसी बात आई थी. कुछ लोगों ने सरकार के सामने ऐसी बात रखी है कि दुकान खोलने का समय बढ़ा दिया जाए. लेकिन अभी तक सरकार ने इस बारे में कुछ तय नहीं किया है. इस विषय की समीक्षा करने और मंथन में समय लगेगा. अभी तक सरकार की तरफ से शराब की दुकान खोलने का समय बढ़ाने पर कोई फैसला नहीं किया गया है. विधायक ने कहा कि इस विषय में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी.
जयपुर में लेपर्ड के मूवमेंट का मुद्दा सदन में गूंजा
जयपुर के रिहायशी इलाके में लेपर्ड के मूवमेंट पर विधायक कालीचरण सराफ ने प्रश्न लगाया कि क्या 100 नंबर की तर्ज पर वन विभाग भी कोई हेल्पलाइन शुरू करेगा? वन मंत्री संजय शर्मा ने जवाब दिया कि एक महीने के भीतर 1926 नम्बर की हेल्पलाइन शुरू होगी. इस वित्त वर्ष में कोई नीति बनाएंगे, ताकि लेपर्ड का मूवमेंट शहर के अंदर नहीं हो.
कोटा में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर सवाल
कोटा दक्षिण से विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि 727 आंगनबाड़ी केंद्र एक कमरे में स्थापित है. उन्होंने पूछा कि क्या इन केंद्रों में पोषण वाटिकाओं के विकास की कोई योजना है? उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में पोषण अभियान के तहत नवाचार के तहत पोषण वाटिकाएं स्थापित की गई थी. केंद्र सरकार के सहयोग से यह वाटिका विकसित की जा रही है.
साथ ही विधायक ने कहा कि पिछली बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 10% की बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन वर्तमान समय में यह बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है.
सरकार धर्म की रक्षा कर पाने में नाकाम- कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक अमीन कागज़ी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जब मैं पहली बार विधायक बना था और किशनपोल में जब बहुत सारे मंदिर सड़क पर आ रहे थे. स्मार्ट सिटी ने बहुत सारी मूर्तियां हटा दी थी और वह थानों में रखी थी. तब 2013 में वसुंधरा राजे की सरकार थी, मैंने खुद अधिकारियों से बात की.
फुटपाथ से मंदिर और धर्म स्थल हटाने पर कोर्ट के आदेश पर बोले कि सरकार इस मामले में सही तरीके से पैरवी नहीं कर पा रही. सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है. यह सरकार किसी की सगी नहीं.”
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे
क्या सरकार परिवार के सदस्यों के आधार पर खाद्य सामग्री बढ़ाने की योजना पर विचार कर रही है? साथ ही क्या गुणवत्ता बढ़ाने पर विचार कर रही है?
सदन में पेश होंगी ये रिपोर्ट
राजस्थान जन आधार प्राधिकरण के वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक की रिपोर्ट. परिवहन निगम का वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन. पाठ्य पुस्तक मण्डल का साल 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट. जल विकास निगम लिमिटेड का 41वां वार्षिक प्रतिवेदन. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर समेत कई जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के साल 2022-23 के लेखा परीक्षा प्रतिवेदन.

