आज फिर दिल्ली कूच करेगा किसानों का जत्था

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शंभू बॉर्डर पर शुक्रवार को दिल्ली कूच करने वाले 101 किसानों के जत्थे और हरियाणा पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने रविवार को फिर दिल्ली कूच की घोषणा की है। हरियाणा-पंजाब सीमा पर शंभू बॉर्डर और राज्य के अन्य प्रमुख बार्डर इंट्री प्वाइंट्स पर किसानों को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने इंतजामों को और सख्त कर दिया है।

जागरण संवाददाता, राजपुरा (पटियाला)। शंभू बॉर्डर पर शुक्रवार को दिल्ली कूच करने वाले 101 किसानों के जत्थे और हरियाणा पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने रविवार को फिर दिल्ली कूच की घोषणा की है। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रधान सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि शनिवार शाम तक हमने केंद्र सरकार से बातचीत होने का इंतजार किया, लेकिन कोई सार्थक पहल नहीं होने के बाद अब हमने फैसला किया है कि 101 किसानों का दूसरा जत्था रविवार दोपहर 12 बजे शांतिमय ढंग से पैदल दिल्ली के लिए कूच करेगा।

पंधेर ने सवाल किया पहले केंद्र और हरियाणा सरकार ने शर्त रखी थी कि अगर किसान बिना ट्रैक्टर-ट्राली के दिल्ली जाना चाहते हैं तो उन्हें नहीं रोका जाएगा। अब जब हम बिना ट्रैक्टर ट्राली जत्थे के रूप में पैदल दिल्ली जाना चाहते हैं, तो फिर हमें क्यों रोका जा रहा है। पंधेर ने दावा कि शुक्रवार के घटनाक्रम में 20 किसान घायल हुए हैं। केंद्र और हरियाणा की सरकार ने किसानों के साथ जो किया उससे उनका चेहरा बेनकाब हुआ है। 

केंद्रीय कृषि मंत्री को देश को भ्रमित नहीं करना चाहिए- किसान

कृषि मंत्री शिवराज चौहान सहित अन्य भाजपा नेता टीवी पर बयान दे रहे हैं कि उनकी किसानों से बातचीत चल रही है, जबकि उन्हें आज तक बातचीत के लिए बुलाया तक नहीं गया।देश को भ्रमित न करें कृषि मंत्री:सरवन सिंह पंधेर के अनुसार हम जो लगातार कहते आ रहे हैं, वही बात शिवराज चौहान ने कही है कि हम 50 प्रतिशत एमएसपी दे रहे हैं। पंधेर ने कहा कि इससे तो हमारा फसल की बिजाई पर आने वाला खर्च भी नहीं निकलता।

केंद्रीय कृषि मंत्री को देश को भ्रमित नहीं करना चाहिए। हमने देख किया कि केंद्र बात करने के मूड में नहीं है। उधर संगरूर जिले के खनौरी बॉर्डर पर भाकियू सिद्धूपुर के प्रांतीय प्रधान जगजीत ¨सह डल्लेवाल का आमरण अनशन शनिवार को 12वें दिन भी जारी रहा। उनकी सेहत पर नजर रख रहे डा. शौर्य कंबोज ने बताया कि उनका वजन साढ़े आठ किलो तक कम हो गया है। किडनी पर असर पड़ने के साथ उनका शुगर व बीपी का स्तर भी सही नहीं है। 

बॉर्डर पर सुरक्षा इंतजाम कड़े अंबाला

हरियाणा-पंजाब सीमा पर शंभू बॉर्डर और राज्य के अन्य प्रमुख बॉर्डर इंट्री प्वाइंट्स पर किसानों को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने इंतजामों को और सख्त कर दिया है। किसानों को दिल्ली कूच करने से रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर के साथ-साथ जींद में दातासिंहवाला, खनौरी बॉर्डर व सिरसा जिले के डबवाली से लगते पंजाब व राजस्थान बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। 

शंभू बॉर्डर पर लोहे की ग्रिल को वेल्डिंग कर मजबूत बनाया गया है। वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले सहित अन्य व्यवस्था की गई है। टीकरी बॉर्डर पर दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए हैं। सिरसा जिले के डबवाली से लगते पंजाब व राजस्थान बॉर्डर पर 21 नाके लगाए गए हैं। यहां पैरामिलिट्री फोर्स के एक हजार से अधिक जवान तैनात हैं। इसी बीच हरियाणा के डीजीपी ने पंजाब पुलिस के डीजीपी को पत्र लिखकर शंभू बॉर्डर में किसानों के कूच के दौरान मीडिया को किसानों से करीब एक किलोमीटर दूर रखने के लिए कहा है।
Hind News Tv
Author: Hind News Tv

Leave a Comment

और पढ़ें

  • Buzz4 Ai
  • Buzz Open / Ai Website / Ai Tool