आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर पूर्वांचलियों के वोट कटवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उनकी पत्नी अनीता सिंह का वोट कटवाने के लिए आवेदन दिया है। संजय सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी पूर्वांचल की रहने वाली हैं और बीजेपी ने उनका वोट दो बार कटवाने की कोशिश की है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर पूर्वांचलियों के वोट कटवाने का आरोप लगाया है। आप सांसद संजय सिंह ने पत्नी अनीता सिंह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर जमकर आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा कि BJP ने मेरी धर्मपत्नी का ही वोट कटवाने का आवेदन दे दिया।
उन्होंने कहा कि संसद में मैंने BJP द्वारा यूपी, बिहार और झारखंड के पूर्वांचल समाज के लोगों के वोट कटवाने की बात कही और इसे जेपी नड्डा ने माना भी। अब BJP वालों ने मेरी धर्मपत्नी अनीता सिंह जी का जोकि नई दिल्ली विधानसभा की वोटर हैं, उनका वोट कटवाने की एप्लीकेशन दे दी। BJP सांसद मनोज तिवारी से मैं पूछना चाहता हूं कि पूर्वांचल की रहने वाली मेरी धर्मपत्नी जी क्या रोहिंग्या घुसपैठिया हैं, जो उनका वोट काटने की एप्लीकेशन दी गई है?
‘महाराष्ट्र की तरह घोटाला करके दिल्ली में चुनाव जीतना चाहती है’
संजय सिंह ने कहा कि BJP मतदाताओं के वोट कटवाकर चुनाव जीतना चाहती है। मेरी धर्मपत्नी अनीता सिंह जी पूर्वांचल की रहने वाली हैं और BJP वालों ने इनका वोट कटवाने की एप्लीकेशन 2 बार दी है। BJP वाले हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह चुनावी घोटाला करके दिल्ली में भी चुनाव जीतना चाहते हैं।
